कांग्रेस छोड़ने के बाद गुलाम नबी आजाद अगले 20 दिनों में नेशनल पॉलिटिकल पार्टी नाम की नई पार्टी का गठन करेंगे। यह भी कहा जा रहा है, कि जम्मू-कश्मीर में वे सीएम के पद के दावेदार भी होंगे।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के पूर्व उपाध्यक्ष जीएम सरूरी ने कहा कि यह एक सेक्युलर पार्टी होगी, जो कि हमारी विचारधारा है। साथ ही हमारे साथ आने वाले सभी लोगों की भी यही विचारधारा है।
सरूरी ने आगे कहा,कि 'आजाद के पास कुल मिलाकर 500 से भी अधिक कांग्रेस के नेताओं, पार्षदों, पंचायत सदस्यों और ब्लॉक स्तर के नेताओं का समर्थन है। अलावा इसके कई नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देकर आज़ाद का साथ दिया है।
आने वाले समय में कई बड़े नेताओं को आजाद की पार्टी के साथ देखा जा सकेगा। जम्मू कश्मीर में 25 नवंबर तक मतदाता सूची की विशेष जांच पूरी कर ली जाएगी इसके बाद यहां विधानसभा चुनाव कराए जाने की संभावना है। आज़ाद की पार्टी का मेन फोकस अभी इसी पर रहेगा।
कांग्रेस यूनिट के पूर्व उपाध्यक्ष सरूरी का कहना है, कि नई पार्टी सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और हमें विश्वास है कि आजाद जम्मू कश्मीर के अगले मुख्यमंत्री होंगे।
गौरतलब है, कि आजाद के पार्टी छोड़ने के बाद कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरूरी के नेतृत्व में मीटिंग की थी। कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले आजाद का चार सितंबर को जम्मू पहुंचने का कार्यक्रम है। उन्होंने खुद जम्मू-कश्मीर में एक नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है।