हिंदी सिनेमा की सबसे हसीन अभिनेत्रियों में शुमार ऐश्वर्या राय बच्चन करीब चार साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। वह बड़े पर्दे पर आखिरी बार साल 2018 में रिलीज फिल्म फन्ने खां में नजर आई थी। अब ऐश्वर्या 30 सितंबर को रिलीज हो रही मणिरत्नम निर्देशित फिल्म पोन्नियिन सेल्वम 1 (पीएस 1) में नंदिनी के किरदार में नजर आएंगी।

दो हिस्सों में बन रही इस तमिल फिल्म के किरदारों के लुक से धीरे-धीरे पर्दा हटाया जा रहा है। बुधवार को ऐश्वर्या के किरदार नंदिनी के लुक की पहली झलक जारी की गई, जिसमें राजसी वेशभूषा और आभूषणों में ऐश्वर्या बेहद खूबसूरत दिख रही हैं। फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी लाइका प्रोडक्शंस की तरफ से ऐश्वर्या का फर्स्ट लुक इंस्टाग्राम पर साझा किया गया।

इसके साथ लिखा, 'प्रतिशोध का एक खूबसूरत चेहरा होता है। मिलिए नंदिनी से, पझवर की रानी पीएस सिनेमाघरों में 30 सितंबर को तमिल, हिंदी, तेलुगू मलयालम और कन्नड़ में रिलीज हो रही है। फिल्म में तमिल अभिनेता विक्रम और कार्थी भी अहम भूमिकाओं में है। ऐश्वर्या के प्रशंसक उनके इस लुक की तुलना 2002 में रिलीज देवदास में उनके पारो के लुक से कर रहे हैं।