Rajasthan New CM Oath Ceremony: राजस्थान के नए मुख्यमंत्री बनाये गए भजनलाल शर्मा ने शपथ ले ली है. आज जयपुर के अल्बर्ट हॉल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में राज्यपाल कलराज मिश्र ने भजनलाल शर्मा को सीएम पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

खास बात ये है कि आज ही भजनलाल शर्मा का जन्मदिन भी है. भजनलाल के साथ दो उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने भी शपथ ली.

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल शामिल हुए.

इसके अलावा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, एमपी के नए सीएम मोहन यादव, गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, वसुंधरा राजे, अर्जुनराम मेघवाल, गोवा के सीएम प्रमोद सावंत, त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा, उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कई नेता पहुंचे.

बता दें कि बीजेपी ने राजस्थान में 115 सीटों पर जीत हासिल की है. वहीं, कांग्रेस को 69 सीटें मिलीं. राज्य की 200 में से 199 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ था. एक सीट पर उम्मीदवार के निधन की वजह से चुनाव टाल दिया गया था.