राहुल गांधी की भारत जोडो यात्रा केरल से शुरू होकर अब कर्नाटक, आंध्रप्रदेश के बाद तेलंगाना में प्रवेश कर चुकी है। यात्रा के दौरान चुस्त-फुर्त राहुल गांधी की जो तस्वीरें आ रही हैं वे बेहद सुर्ख़ियों में है। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तो यात्रा को फिटनेस यात्रा ही करार दिया है।  

नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को भारत जोड़ो यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी की यात्रा फिटनेस यात्रा में तब्दील हो गई है। वे  कभी  पुशअप करते नजर आते हैं तो कभी दौड़ लगाते तो कभी बस की छत पर चढ़ते नज़र आ रहे हैं। 
 
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आगे कहा कि ऐसा लग रहा है कि खेलों की बजाय उन्हें जबर्दस्ती राजनीति में ले जाया जा रहा है। मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने साथ ही यह भी कहा कि उनकी अच्छी फिटनेस हो गई है बधाई उनको।  

वहीं बुधवार सुबह सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से फिर शुरू हुई। यात्रा में बुधवार को  फिल्म अभिनेत्री व निर्माता पूजा भट्ट भी कुछ देर के लिए शामिल हुईं। 

गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु़ के कन्याकुमारी से 7 सितंबर 2022 को शुरू हुई है। यह तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश से गुजरते हुए तेलंगाना पहुंच चुकी है। करीब 150 दिन चलने वाली यह यात्रा जम्मू-कश्मीर में खत्म होगी।