Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के टीटी नगर थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जब एक दुल्हन शादी के रिसेप्शन से पहले ही गहने लेकर अपने प्रेमी के साथ भाग गई।
सुहागरात के बाद दुल्हन अगले दिन रिसेप्शन के लिए तैयार होने ब्यूटी पार्लर गई और वहीं से अपने प्रेमी और उसके दोस्तों के साथ फरार हो गई। दुल्हन अपने साथ लाखों रुपए के जेवरात भी ले गई। दूल्हे के परिवार ने दुल्हन के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
दरअसल, आशीष की शादी 18 फरवरी को विदिशा के गंजबासौदा में सपना सोलंकी से हुई थी और रिसेप्शन 19 फरवरी को होना था। लेकिन रिसेप्शन से पहले ही दुल्हन शादी हॉल के बाहर खड़ी एक अज्ञात कार में 3 युवकों के साथ फरार हो गई। इसके बाद पीड़ित दूल्हे ने टीटी नगर थाने में दुल्हन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
दूल्हे के पिता का आरोप है कि लड़की करीब 10 लाख रुपये के जेवरात लेकर अपने प्रेमी के साथ भाग गई है। इससे पहले बीती रात जब बारात सुबह वापस लौट रही थी तो किसी अज्ञात व्यक्ति ने गाड़ी के दोनों टायर चाकुओं से काट दिए, जिसके कारण दूल्हा-दुल्हन को बस में उतारना पड़ा।
इस मामले में टीटी नगर थाना प्रभारी सुधीर अरजरिया ने बताया कि दूल्हे की शिकायत पर दुल्हन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हमारी एक टीम दुल्हन की तलाश के लिए गंजबासौदा स्थित उसके घर भेजी गई है।
वे मामले की पूरी जानकारी लेकर आएंगे, जिसके बाद जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दुल्हन के भागने की घटना की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।