अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा को देखते हुए भोपाल के मंदिरों में 22 जनवरी तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। यह निर्णय सोमवार को भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह की धर्मगुरुओं के साथ बैठक में लिया गया।
बैठक में अयोध्या में भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा के संबंध में जिले के प्रमुख मंदिरों के धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर 16 जनवरी से 22 जनवरी के दिन तक जिले के सभी मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलाने,मंदिरों पर रोशनी दीप-प्रज्ज्वलन करने,रामायण पाठ,भजन कीर्तन संबंधी विषयों पर की चर्चा।
इससे पहले टाइम लीमिट की मीटिंग भी हुई। कलेक्टर सिंह ने मीटिंग में अफसरों को निर्देश दिए कि शहर में बाजार रात 11 बजे तक हर हाल में बंद हो जाए। खुले में मांस न बिके, इसका पालन हो। साथ ही लाउड स्पीकरों को लेकर सरकार के आदेशों का पालन हो।
कलेक्टर सिंह ने 25 जनवरी को नेशनल वोटर्स डे की तैयारी के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने माइनिंग विभाग को खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात भी कहीं।
कलेक्टर ने 15 जनवरी से प्रारंभ हो रहे राजस्व महा अभियान के संबंध में सभी राजस्व अधिकारियों को अभियान अंतर्गत बिंदुओं पर प्राथमिकता देते हुए राजस्व प्रकरणों का निराकरण करने निर्देश दिए। उन्होंने 16 जनवरी की सुबह 8 बजे कलेक्टोरेट में स्वच्छता अभियान चलाने की बात भी कही।