उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार सुबह बारावफात जुलूस में शामिल हुए पांच लोगों की करंट लगने से मौत हो गई. घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना बहराइच जिले के नानपारा क्षेत्र के भगड़वा मासूपुर गांव की है.

जानकारी के मुताबिक, जुलूस में शामिल ठेले में लगी लोहे की रॉड एक बिजली के हाई टेंशन तार से अचानक टकरा गई. हाई टेंशन तार से लोहे की रॉड के टकराते ही ठेले में करंट फ़ैल गया. इसकी चपेट में सात लोग आ गए. इनमें से चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. जबकि एक ने इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल मौके पर पुलिस की तैनात कर दी गई है. इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है. सीएम योगी ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.