यूपी के लखीमपुर खीरी में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब धोरहरा से लखनऊ जा रही एक निजी बस और एक ट्रक की ईशा नगर थाने के खमरिया पुल के पास आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे में घायल हुए करीब 25 यात्रियों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। मिली जानकारी के अनुसार, बस में 35-40 लोग सवार थे। हादसे के वक्त बस की रफ्तार काफी तेज थी। एडीएम संजय कुमार ने बताया कि हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
सीएम योगी ने व्यक्त की संवेदना-
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी में हुए हादसे पर दुख जताया है। सीएम ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके साथ ही सीएम योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाने और उनका उचित इलाज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मौके पर जाकर तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।