MP Politics: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों ग्वालियर-चंबल के दौरे पर हैं. वह बीते कुछ दिनों से गुना-शिवपुरी से लेकर ग्वालियर लोकसभा सीट पर भी लगातार दौरे कर रहे हैं. हालांकि, राजनीतिक पंडित इसे आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देख रहे हैं.
इन चुनावी हलचलों के बीच सिंधिया अलग-अलग जगहों पर जाकर जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं. इस बीच सिंधिया ने आज (24 जनवरी) ग्वालियर स्थित अपने जयविलास पैलेस में चंबल क्षेत्र के करीब 228 कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को बीजेपी में शामिल करा दिया है.
इतने बड़े पैमाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बीजेपी में शामिल कराकर सिंधिया ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा संकेत दे दिया हैं. बता दें कि सिंधिया के गुना-शिवपुरी या ग्वालियर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें चल रही हैं.
हाल ही में संपन्न हुए मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज राकेश मावई ने बीजेपी का दामन थाम लिया था. उस समय राकेश मावई ने दिल्ली पहुंचकर सिंधिया की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ली थी.
सिंधिया ने लोकसभा चुनाव से पहले राकेश मावई के ज़रिये ही कांग्रेस को एक बार फिर से जोरदार झटका देते हुए चंबल क्षेत्र के करीब 228 कांग्रेसियों को बीजेपी में शामिल कर लिया है. यह लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका ही माना जायेगा.