Ram Mandir: प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा. जिसकी चर्चा ना सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे विश्व में हो रही हैं. देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बैठे हिंदू आस्था वाले लोग इस ख़ास दिन को त्योहार की तरह मनाएंगे.
इस बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने एक बड़ा ऐलान भी कर दिया है. राज्य सरकार ने अयोध्या जाने वाले यात्रियों को सुविधा देने के लिए एक फ्री ट्रेन चलाने का फैसला किया है. बता दें कि छत्तीसगढ़ को प्रभु श्रीराम का ननिहाल कहा जाता है.
छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में ''श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना'' शुरू करने का फैसला किया है. इस योजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना शुरू करने पर अंतिम निर्णय ले लिया गया हैं.
ख़बरों के अनुसार, इस योजना का क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल द्वारा तथा बजट पर्यटन विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा. हर साल करीब 20 हजार यात्रियों को श्री रामलला दर्शन के लिए भेजा जाएगा. हालांकि, इसके लिए कुछ गाइडलाइन्स बनाई गई है.
जिसके तहत जिला मेडिकल बोर्ड द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण में सक्षम पाए गए 18 से 75 आयु वर्ग के छत्तीसगढ़ मूल निवासी ही यात्रा के लिए पात्र होंगे. दिव्यांगजनों के लिए यथा संभव परिवार से कोई सदस्य साथ रहना ज़रूरी हैं. इस योजना के तहत पहले चरण में 55 साल से अधिक उम्र के यात्रियों को यह सुविधा उपलब्ध होगी.
इसके बाद कम आयु वर्ग के लोगों को भी यह सुविधा दी जाएगी. इसके लिए प्रत्येक जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में श्री रामलला दर्शन समिति बनाई जाएगी, जिसमें कोटे के अनुसार यात्रियों का चयन किया जाएगा. इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ सरकार IRCTC के साथ सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करेगी.
अधिकारियों के मुताबिक, यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, स्थलों के दर्शन तथा स्थानीय परिवहन की व्यवस्था IRCTC ही करेगा. यात्रा शुरू होने से पहले यात्रियों को उनके निवास से निर्धारित रेलवे स्टेशन तक ले जाने और वापस लाने की व्यवस्था संबंधित जिला कलेक्टर द्वारा की जाएगी. इसके लिए बक़ायदा उन्हें बजट उपलब्ध कराया जाएगा.