एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज ने 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में अदालत द्वारा तलब किए जाने के बाद दिल्ली की एक अदालत में अपनी जमानत याचिका दायर की थी। अदालत ने मामले में ईडी से जवाब दाखिल करने को कहा और तब तक के लिए जैकलीन को अंतरिम जमानत दे दी गई है।

बॉलीवुड अदाकारा जैकलीन फर्नांडीज सोमवार को पटियाला हाउस कोर्ट पहुंचीं, जहां पर जैकलीन को 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस के संबंध में प्रवर्तन निदेशालय ने कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर और एक अन्य से जुड़े मामले में तलब किया था।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र मलिक ने जमानत याचिका पर ईडी से जवाब मांगा था। जैकलीन के वकील के अनुरोध पर कोर्ट ने जैकलीन को 50 हजार रुपये के मुचलके पर अंतरिम जमानत दे दी। 

आपको बता दें सुकेश चंद्रशेखर ने विभिन्न मॉडलों और बॉलीवुड हस्तियों पर 20 करोड़ के लगभग रुपए खर्च किए थे। वहीं कुछ हस्तियों ने सुकेश से गिफ्ट लेने से भी इनकार कर दिया था।

मामले की सुनवाई की अगली तारीख 22 अक्टूबर है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रवीण सिंह ने बुधवार को पूरक आरोपपत्र पर एक्शन लेते हुए जैकलीन फर्नांडीज को 26 सितंबर 2022 को उसके समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था।

वहीं 17 अगस्त को दिल्ली की एक अदालत में कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ 200 करोड़ रुपये की रंगदारी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दायर एक पूरक चार्जशीट में बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज को आरोपी के रूप में शामिल किया गया था। अदालत ने ईडी को मौजूदा मामले के सभी आरोपियों की चार्जशीट की एक प्रति उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है।

इससे पहले अदालत ने जैकलीन फर्नांडीज को 29 अगस्त, 2022 को इसके लिए पेश होने के लिए कहा था, लेकिन वह पेश नहीं हुई थीं इसलिए उन्हें जांच में शामिल होने के लिए नया समन भेजा गया था। जैकलीन ने वकील को आश्वासन दिया कि वह जांच में शामिल होगी और जांच एजेंसी के साथ सहयोग करेगी। ईडी ने जैकलीन फर्नांडीज को इस मामले में कई बार जांच के मकसद से तलब भी किया है।

जैकलीन के वकील प्रशांत पाटिल ने कहा कि उन्होंने हमेशा जांच एजेंसियों के साथ सहयोग किया है और आज तक सभी समन में भाग लिया है। उन्होंने कहा, 'उन्होंने अपनी पूरी क्षमता से सारी जानकारी ईडी को सौंपी है।

ईडी की पहले की चार्जशीट में आरोपी के रूप में उनका नाम नहीं था, लेकिन इस मामले में बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज और नोरा फतेही द्वारा दर्ज किए गए बयान के विवरण का उल्लेख किया गया था।

ईडी की चार्जशीट में स्पष्ट रूप से बताया गया था कि "जांच के दौरान, जैकलीन फर्नांडीज के बयान 30.08.2021 और 20.10.2021 को दर्ज किए गए थे। जैकलीन फर्नांडीज ने कहा कि उन्हें गुच्ची, के तीन डिजाइनर बैग और जिम पहनने के लिए दो गुच्ची के आउटफिट, एक जोड़ी लुई वुइटन के जूते, दो जोड़ी हीरे के झुमके और स्टोन के कलरफुल कंगन, दो हेमीज़ कंगन और एक मिनी कूपर भी मिला जिसे उन्होंने वापस कर दिया।"