अभिलिप्सा पांडा के गाने 'हर हर शंभू' को दोबारा गाने वाली सिंगर फरमानी नाज पर मचे बवाल को लेकर उनके भाई फरमान ने कई सारी बातें बताई हैं।  फरमान का कहना है कि उनकी बहन के खिलाफ किसी भी तरह का कोई भी फतवा जारी नहीं हुआ है।

साथ ही ये भी कहा कि वो मुस्लिम धर्म छोड़कर किसी भी हाल में हिन्दू नहीं बनने वाली हैं। फरमान ने ये भी बताया कि उनकी बहन के पास एक रियलिटी शो का भी ऑफर भी आया है, जिसके बारे में अभी सोच विचार चल रहा है।

 फरमानी नाज पिछले साल अपने भाई फरमान के साथ इंडियन आइडल में भी दिखाई दीं थीं। फरमान ने बताया कि उनकी बहन के पास गुरुवार को बिग बॉस 16 में शिरकत करने के लिए ऑफर आया है पर उनकी बहन अभी इस पर कुछ भी डिसाइड नहीं कर पा रहीं हैं। फरमानी का कहना है, कि 'बिग बॉस' में काफी लड़ाई झगड़ा होता है जो उन्हें पसंद नहीं है।

इसके साथ ही फरमान ने कहा कि बिग बॉस में सपना चौधरी के साथ भी बाकी के कंटेस्टेंट्स ने काफी बुरा बरताव किया था जिसे सोच कर मेरी बहन डरी हुई है। रियलिटी शो के बारे में फरमानी ने कहा कि ये शोज कलाकार की कोई मदद नहीं करते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल उन्होंने इंडियन आइडल विनर पवनदीप राजन के साथ रूम शेयर किया था।

फरमानी के बारे में आपको बता दें कि उनकी पर्सनल लाइफ काफी मुश्किलों भरी रही है। पति ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली। विरोध करने पर ससुराल वालों ने फरमानी और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी । इस दुख की घड़ी में संगीत ने उनका साथ दिया। भाई फोन पर उनके गीत रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर अपलोड कर देता था। जिसपर अच्छे खासे लाइक्स और शेयर आने लग गए। देखते ही देखते फरमानी का गाना इंटरनेट पर छा गया और इस तरह उन्हें इंडियन आइडल से भी बुलावा आया पर वहां भी उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं चला। फिलहाल तो फरमानी और फरमान अपना नया गाना लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं।