हर साल रियलिटी शो 'बिग बॉस' में कई लव स्टोरियां बनती हैं। जहां कुछ स्टार्स कपल ने अपने रिश्ते को पुख्ता कर लिया तो इनमें से कईयों ने कुछ समय तक डेट करने के बाद अपने रास्ते अलग कर लिए। इसी क्रम में एक्ट्रेस शमिता शेट्टी और एक्टर राकेश बापट का नाम भी आता है। 'बिग बॉस' के लव बर्ड्स शमिता शेट्टी और राकेश बापट का ब्रेकअप हो गया है। वैसे तो ये खबरें काफी पहले से आ रही थी लेकिन उस समय दोनों ने चुप्पी बनाई थी लेकिन अब दोनों ने अपने ब्रेकअप की ऑफिशयल अनाउंसमेंट कर दी है।
शमिता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा है- 'मुझे लगता है इसे क्लियर करना जरूरी है, राकेश और मैं अब साथ नहीं हैं और ऐसा पिछले कुछ समय से है।वह म्यूजिक वीडियो हमारे उन सभी प्यारे फैन्स के लिए है जिन्होंने हमें इतना सारा प्यार और सपोर्ट दिया। यहां पॉजिटिविटी और नया आसमान है। आप सभी का प्यार और आभार।'
वहीं राकेश बापट ने इंस्टा स्टोरी पर काफी लंबी-चौड़ी पोस्ट शेयर करके इस बात की अनाउंसमेंट की। उन्होंने लिखा- 'आप सभी को यह बताना चाहता हूं कि अब मैं और शमिता साथ नहीं है। हम एक-दूसरे से अलग हो गए हैं। हम एक-दूसरे से ऐसी जगह पर मिले थे जिसके बारे में मैंने शायद कभी सोचा तक नहीं था। थैंक्यू इतने सारे प्यार और सपोर्ट के लिए।
ये तो सभी जानते हैं कि मैं पर्सनल लाइफ को लेकर ज्यादा बातें करना पसंद नहीं करता हूं लेकिन यह सब आपको बताना जरूरी था। मैं अपने ब्रेकअप की जानकारी ऑफिशियली सबको देना चाहता था। मुझे लगा कि मेरे फैंस को यह बात पता होनी चाहिए। वैसे, आपको ब्रेकअप की बात जानकर बुरा लगा होगा लेकिन फिर भी आपका सपोर्ट और प्यार मुझे हमेशा चाहिए।'
यहां ये बताना ज़रूरी है, कि शमिता और राकेश की जोड़ी रियलिटी शो बिग बॉस ओटीटी के समय बनी थी। यहीं से दोनों का प्यार परवान चढ़ा था। घर के अंदर और वहां से बाहर निकलने के बाद भी शमिता शेट्टी और राकेश बापट की जोड़ी को लोगों ने काफी पसंद किया था। धीरे-धीरे दोनों पब्लिकली भी कई बार साथ में देखे जाने लगे थे।