बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार बुधवार शाम चार बजे होने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट में बिहार कोटे से मंत्री बनाए जाने वाले नेताओं के नामों की घोषणा कर दी गई है। भाजपा कोटे से संजय सरावगी, जीवेश मिश्रा, राजू सिंह, विजय मंडल, सुनील कुमार, मोतीलाल प्रसाद और कृष्ण कुमार मंटू मंत्री बनाये जायेंगे।
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक हलकों में गरमागरम चर्चा चल रही है। बुधवार को ही नीतीश कैबिनेट में 7 और मंत्री शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम 4 बजे होगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के अपर मुख्य सचिव एस. सिद्धार्थ मंत्रियों की सूची लेकर राजभवन पहुंचे और राजभवन में राज्यपाल के प्रधान सचिव से मुलाकात की।
राजनीतिक गलियारों में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल विस्तार में कई नेताओं को भाजपा कोटे से ही मंत्री बनाया जाएगा। सात नेताओं के नाम सामने आए हैं। हालाँकि, पार्टी की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। इन भाजपा नेताओं को पार्टी द्वारा फोन पर जानकारी दी जा रही है।
इधर, मंत्रिमंडल विस्तार से पहले बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इसका कारण भी बताया। दिलीप जायसवाल ने कहा कि पार्टी में नारा है एक व्यक्ति एक पद। इसीलिए मैं इस्तीफा दे रहा हूं। आपको बता दें कि मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिहार आए और भाजपा नेताओं के साथ बैठक की थी।