‘सम्राट के नेतृत्व में बिहार चुनाव’, हरियाणा के CM सैनी के बयान पर घमासान


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के एक बयान ने बिहार के राजनीतिक माहौल में अटकलों का बाजार गर्म कर दिया..!!

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। इसी बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के एक बयान ने अब राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। सैनी का ये बयान चर्चा का विषय बन गया है। एक कार्यक्रम में बोलते हुए सैनी ने कहा, "इस बार सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में भाजपा का परचम लहराएगा।" जब हरियाणा के मुख्यमंत्री यह बयान दे रहे थे, तब बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी भी वहां मौजूद थे।

आपको बता दें, कि हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय जागरूकता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, 'सम्राट चौधरी जी यहां बैठे हैं। हरियाणा के बाद इस बार बिहार की बारी है। विजय पताका को रोका नहीं जाना चाहिए। यह विजय पताका बिहार में भी फहरायी जायेगी और हमारे सम्राट चौधरी के नेतृत्व में फहरायी जायेगी।

सैनी के बयान पर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार का रिएक्शन भी सामने आया है। उन्होने कहा, "सैनी जी जिस व्यक्ति का नाम लेकर यह कह रहे हैं, उन्होंने खुद ही यह स्पष्ट कर दिया है कि इस बार बिहार चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। फिर इसका क्या मतलब है? 

सैनी समाज की एक बैठक थी, तो इस बैठक में वे अपने नेता के बारे में बात कर रहे थे। लेकिन वही नेता नीतीश कुमार का नाम लेते हैं। जब अमित शाह ने कहा है कि चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, तो फिर बाकी लोगों के बयानों का क्या मतलब है?"

RJD नेता तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा, 'बीजेपी में कोई मुख्यमंत्री नहीं बनेगा?' दो दिन बाद दूसरा नाम आएगा। ये लोग आपस में लड़ते रहे। इस बार बिहार की जनता एनडीए की पुरानी गाड़ी पर नहीं, बल्कि नई गाड़ी पर सवार होने जा रही है। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।