बिहार से एक अनोखे जॉब को लेकर एक हैरान कर देने वाली ख़बर सामने आ रही है। इस जॉब और इसकी वेकेंसी से जुड़ी सारी डिटेल अगर आप जानेंगे तो आप भी चौंक जाएंगे। बिहार में ऑल इंडिया प्रेग्नेंट जॉब नाम से एक नौकरी काफी चर्चा में है। जॉब डिटेल के हिसाब से किसी महिला को प्रेग्नेंट कर दिया तो 15 लाख, नही किया तो 5 लाख का मेहनताना दिया जाएगा।

अब मामले को लेकर एक्शन लेते हुए 8 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। बिहार के नवादा से ये साइबर फ्रॉड सामने आया है। जालसाजों ने बिहार के नवादा में ऑल इंडिया प्रेग्नेंट जॉब (शिशु जन्म सेवा) नाम की वैकेंसी निकाली। जिसमें एक युवक को एक निःसंतान महिला को प्रेग्नेंट करने का अवसर दिया जाता है। इसके बदले में उन्हें 15 लाख रुपये का इनाम मेहनताना और महिला के प्रेग्नेंट न हो पाने पर भी 5 लाख रुपए दिए जाना तय किया गया।

नवादा पुलिस ने एजेंसी चलाने वाले गिरोह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के सदस्यों के पास से नौ मोबाइल फोन और एक प्रिंटर भी जब्त किया गया। यह गिरोह तीन साल से कॉल सेंटर बनाकर लोगों से ठगी कर रहा था। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अब तक कितने लोगों से ठगी की गई है।

नवादा डीएसपी कल्याण आनंद ने बताया कि गुरमा में एक बोरिंग ईंट हाउस के पास साइबर अपराधियों ने डेरा जमाया था। यहां बेरोजगार युवाओं को बुलाया जाता था। जो महिलाएं बच्चे पैदा करने में सक्षम नहीं होतीं, उन्हें फोन पर ऑफर दिया जाता था कि आप उन्हें प्रेग्नेंट कर दीजिए और इसके बदले आपको पैसे दिए जाएंगे।

जब कोई इस काम के लिए तैयार हो जाता था तो उससे सबसे पहले रजिस्ट्रेशन के नाम पर 799 रुपए लिया जाता था। फिर कुछ महिलाओं की तस्वीर भेजी जाती थी। रजिस्ट्रेशन कराने वाला जब महिला को सिलेक्ट करता तो फिर उससे सिक्योरिटी फीस, सर्विस टैक्स और जीएसटी के नाम पर 5 हजार से 20 हजार रुपए तक ऑनलाइन पेमेंट कराते।

पुलिस के मुताबिक उसका इनपुट साइबर थाने से मिला। एसपी ने एसआईटी गठित कर मामले की जांच करायी। इसके बाद छापेमारी की गयी। गिरोह ने मुन्ना कुमार के बोरिंग हाउस में कॉल सेंटर स्थापित किया। जब पुलिस छापेमारी करने गई तो वहां 26 लोग थे। पुलिस को देख 18 भाग निकले।

पुलिस सिर्फ 8 को ही गिरफ्तार कर पाई। पुलिस ने शत्रुघ्न कुमार उर्फ सोनू कुमार, राजेश कुमार, प्रभात कुमार वर्मा, कवींद्र प्रसाद कुमार, गोपाल दास, अनिल कुमार, अजय कुमार, लक्ष्मण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इन लोगों के पास से 9 मोबाइल फोन और एक प्रिंटर बरामद किया।