जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। शुक्रवार को जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उनके इस्तीफे पर मुहर लग गई। अब नीतीश कुमार ने खुद JDU की कमान संभाल ली है।

बैठक से पहले ललन सिंह के इस्तीफे की अटकलों को खुद नीतीश कुमार ही खारिज कर चुके थे। उन्होंने इसे बीजेपी की फैलाई हुई अफवाह करार दिया है लेकिन बैठक में ललन सिंह के इस्तीफे के बाद सारी कहानी साफ़ हो गई और नीतीश कुमार तीन साल बाद फिर पार्टी प्रमुख बन गए।  

इससे पहले दिल्ली में जेडीयू की बैठक शुरू हुई। बैठक से पहले नीतीश कुमार को सम्मानित किया गया। साथ ही 'देश का प्रधानमंत्री कैसा हो नीतीश कुमार जैसा हो' के नारे भी यहाँ लगे। बैठक में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

कार्यकारिणी बैठक में जेडीयू राजनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव पास करने के अलावा बीजेपी और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाया जाना था। साथ ही गठबंधन में सीट शेयरिंग फार्मूले को लेकर भी बैठक अहम मानी जा रही थी।