इस साल का गणेश उत्सव कई मामलों में बेहद खास है। क्योंकि पिछले दो वर्षों से कोरोना महामारी के दिशा-निर्देशों के चलते पंडाल में सार्वजनिक उत्सव की अनुमति नहीं दी गई थी। लेकिन इस बार महामारी का खतरा टलने के बाद गणेश चतुर्थी के त्योहार को देखते हुए सभी प्रतिबंध पहले ही हटा दिए गए हैं।
वहीं बॉलीवुड स्टार्स का हर त्योहार को मनाने का अपना अलग ही अंदाज़ होता है। लेकिन जब गणेश उत्सव की बात आती है तो सितारों का उत्साह दुगना हो जाता है।

अर्पिता खान और शाहरुख खान के बाद अब सारा अली खान ने भी अपनी मां अमृता सिंह के साथ अपने घर से गणपति बप्पा की एक झलक साझा की है। सारा अली खान ने गणपति बप्पा के अपने घर आने पर खुशी जाहिर करते हुए बप्पा की तस्वीरें सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की हैं।
तस्वीरों में सारा अपनी मां अमृता सिंह के साथ भगवान गणेश के सामने पोज देती नजर आ रही हैं। इस दौरान सारा ट्रेडिशनल ड्रेस में नजर आ रही हैं। सारा अली खान की इन तस्वीरों को उनके फैंस खूब पसंद कर रहे हैं और कमेंट करके सारा पर ढेर सारा प्यार भी लुटा रहे हैं।