दक्षिणी दिल्ली  के इलाके के लोग स्कूल की समस्या को लेकर के भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी से मिलने पहुंचे। इसी दौरान बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वे स्कूल की समस्या के संबंध में शिकायत लेकर आए लोगों से बद्सलूकी करते दिखाई दे रहे हैं।  

दरअसल स्थानीय लोगों ने स्कूल की समस्या लेकर दक्षिणी दिल्ली के भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी से संपर्क किया था। जब ये लोग सांसद के पास शिकायत करके अपनी मांग रख रहे थे तो सांसद ने लोगों से कहा, तुम्हारे बच्चे क्यों हुए? इस बयान पर आम आदमी पार्टी ने उन पर हमला बोल दिया है।

बुराड़ी से आम आदमी पार्टी के विधायक और छत्तीसगढ़ के प्रभारी संजीव झा ने ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी का शर्मनाक बयान। दिल्ली बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने स्थानीय स्कूलों में शिकायत करने वाले वाले अभिभावकों को सुनाते हुए कहा...' फिर तुम्हारे बच्चे क्यों हुए ?"

वीडियो को लेकर पेरेंट्स ने बताया कि जब हम शिकायत करने गए तो सांसद ने हमसे पूछा कि "फिर तुम्हारे बच्चे क्यों हुए"। जब चुनाव होते हैं तो वे कहते हैं कि हमें वोट दें। दरवाजे पर हाथ जोड़कर खड़े हो जाते हैं। वीडियो में एक शख्स को ये कहते भी सुना जा सकता है, कि अब आपसे पूछकर बच्चा पैदा करें।

इससे पहले भी रमेश बिधूड़ी अपने विवादित बयानों के चलते चर्चा में रह चुके हैं। उन्होंने एक बार मंच से कहा था कि जहां भी मुस्लिम अधिक हैं, वहां हिंसा और रक्तपात होता है। इस बयान को आगे बढ़ाते हुए बिधूड़ी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान पर भी निशाना साधा था। उनके अनुसार मुस्लिम समुदाय जहां भी अल्पमत में रहता है, वहां मानवाधिकारों की बात की जाती है।