गुजरात चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा दांव खेला है। गुजरात कैबिनेट की बैठक के बाद राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से प्रेरणा लेकर कैबिनेट बैठक में ऐतिहासिक फैसला लिया है। प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने के लिए अब कमेटी बनाई जाएगी।

गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में केंद्र सरकार ने समान नागरिक संहिता को लागू करने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा भी दिया था। इसमें कहा गया है कि केंद्र सरकार समान नागरिक संहिता पर कोई कानून बनाने या लागू करने के लिए संसद को निर्देश नहीं दे सकती है। वरिष्ठ अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय ने उत्तराधिकार, विरासत, गोद लेने, विवाह, तलाक, भरण-पोषण और गुजारा भत्ता को नियंत्रित करने वाले व्यक्तिगत कानूनों में एकरूपता की मांग वाली याचिका दायर की थी। इस याचिका के जवाब में केंद्र सरकार ने हलफनामा दाखिल किया।