जयपुर में आज बीजेपी गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। विधानसभा मार्च के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शन में राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सतीश पुनिया भी मौजूद थे। बीजेपी ने लंपी वायरस का मुद्दा उठाकर राजस्थान की कांग्रेस सरकार को घेर लिया है। इस प्रदर्शन में पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को विधानसभा मार्च से रोका, जिसके बाद उनके बीच में झड़प शुरू हो गई।

कल बीजेपी ने बनाई थी रणनीति-

इस विरोध प्रदर्शन की तैयारी सोमवार को ही कर ली गई थी। सोमवार को भाजपा की बैठक हुई, जिसमें तय हुआ कि पार्टी के नेता जयपुर के आसपास के कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा की ओर मार्च करेंगे। इसके साथ ही पार्टी विधायक सदन के साथ-साथ सदन के अंदर भी अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश करेंगे।

इसके अलावा बीजेपी ने कृषि और पशुपालन के मुद्दे पर गहलोत सरकार को घेरने की तैयारी शुरू की थी। इस बारे में भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार से लंपी वायरस को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए कह रही है, लेकिन वह खुद इसे आपदा घोषित नहीं कर रही है। विधायक ने आगे कहा कि राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी से भागना चाहती है, क्योंकि पहले कोरोना काल में भी वे राज्य के लोगों की देखभाल नहीं कर पाये थे और अब वे गायों की भी देखभाल नहीं कर पा रहें है।

सबसे ज्यादा मौतें राजस्थान में हुई-

गौरतलब है कि लंपी वायरस देश के कई राज्यों में कहर बरपा रहा है। राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में लाखों मवेशी अपनी जान गंवा चुके हैं। राजस्थान में इस वायरस से सबसे ज्यादा गायों की मौत हुई है। आलम यह है कि राजस्थान के बीकानेर में इस वायरस के संक्रमण से रोजाना 300 गायों की मौत हो रही है। माना जा रहा है कि अकेले राजस्थान में अब तक यह वायरस हजारों जानवरों की जान ले चुका है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, राजस्थान में अब तक इस संक्रमण से 45 हजार से ज्यादा जानवरों की मौत हो चुकी है। करीब डेढ़ लाख मवेशी संक्रमित हो चुके हैं।