गुजरात विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने 6 और उम्मीदवारों की लिस्ट का ऐलान कर दिया है। सूची को भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंजूरी दे दी है। बीजेपी ने भावनगर पूर्व से सेजल राजीव कुमार पांड्या को टिकट दिया है। खंभालिया से मोलूभाई बेरा, धोराजी से महेंद्रभाई पडालिया को मैदान में उतारा गया है।
इसके अलावा कुटियाना विधानसभा सीट से बीजेपी ने धोलीबेन मालदेभाई ओडेदरा पर दांव लगाया है।तो वहीं डेडियापाड़ा (एससी) सीट से BJP ने हितेश देवजी वसावा को मैदान में उतारा है और BJP ने चौरासी सीट से संदीप देसाई को मैदान में उतारा है।
इससे पहले 160 उम्मीदवारों की सूची जारी की गई थी।
इससे पहले BJP ने 10 नवंबर को राज्य विधानसभा चुनाव के लिए 160 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। BJP ने अपने निर्वाचन क्षेत्र घाटलोधिया से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को मैदान में उतारा है और कई मौजूदा विधायकों को टिकट से वंचित कर दिया गया है। BJP की पहली सूची में 14 महिलाएं, 13 एससी और 24 एसटी उम्मीदवार शामिल हैं।
पिछले विधानसभा चुनाव में पाटीदार आंदोलन का चेहरा बने हार्दिक पटेल और क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा का नाम भी सूची में शामिल है। हार्दिक पटेल विरमगाम से और रिवाबा जडेजा जामनगर उत्तर से चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने सूची की घोषणा करते हुए कहा कि भाजपा ने 38 मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं दिया है. उन्होंने दावा किया कि ज्यादातर सीटों पर अन्य उम्मीदवारों को मौजूदा विधायकों की सहमति से ही उतारा गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। दोनों नेता इस बार BJP उम्मीदवार के तौर पर मैदान में नहीं हैं।BJP के स्टार प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हैं। आपको बता दें कि गुजरात में दो चरणों में 1 दिसंबर और 5 दिसंबर को चुनाव होंगे। परिणाम 8 दिसंबर को घोषित किया जाएगा