MP News: रतलाम जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां पर एक जेठ ने बहू (छोटे भाई की पत्नी) को दिन दहाड़े जलाकर मौत के घाट उतार दिया. दरअसल, कल 23 दिसंबर को ग्राम ढोढर में जेठ ने अपने छोटे भाई की पत्नी के साथ पहले तो मारपीट की और उसके बाद महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इस घटना में महिला की झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई.
घटना सामने आने के बाद पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी जेठ को गिरफ्तार कर लिया. एसपी राहुल कुमार लोढा ने बताया कि जेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. वहीं, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जावरा के सरकारी अस्पताल भेजा गया है. अब महिला के मायका पक्ष ने भारी हंगामा करते हुए आरोपी जेठ के खिलाफ़ उचित कार्रवाई की मांग की हैं.
मृतिका के पति ने की थी आत्महत्या-
ख़बरों की मानें तो मृतिका निर्मला के पति प्रकाश की लगभग 10 महीने पहले आत्महत्या से मौत हो गई थी. जिसके बाद निर्मला अपने दो बच्चों सहित ससुराल में ही रह रही थी. लेकिन, महिला का आरोपी जेठ मानता था कि छोटे भाई प्रकाश की मौत निर्मला की वजह से ही हुई है. उसके कारण ही भाई ने आत्महत्या की है. इन्हीं बातों को लेकर अक्सर जेठ और बहू के बीच कहासुनी होती रहती थी.
पुलिस ने घटना को लेकर बताया कि कल (23 दिसंबर) दोपहर में आरोपी सुरेश ने पहले महिला के सिर पर डंडे से वार किया, जिससे वो बेहोश हो गई. फिर उसे घर से बाहर निकाल कर उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग़ लगा दी. आग लगने की वजह से महिला काफी झुलस गई और उसने मौके पर दम तोड़ दिया.
मृतिका के पति का लिखा हुआ सुसाइड नोट-
अब आते हैं इस झगड़े की असल वजह पर, जिसका खुलासा मृतिका निर्मला के पति प्रकाश द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट से होता है. MP TAK की रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2023 में सुरेश और प्रकाश के पिता ने संपत्ति का बंटवारा किया. इसके दो दिन बाद प्रकाश घर से स्कूल जाने का कहकर निकला और उसकी लाश रतलाम के पास ग्राम स्नावदा में मिली. उसने आत्महत्या की थी, जिसका खुलासा उसके सुसाइड नोट से हुआ.
जिसमें लिखा था कि संपत्ति बंटवारे से पत्नी खुश नहीं है. अगर बंटवारे को सही मानना है तो बड़े भैया का हिस्सा मेरी पत्नी को दे दो और मेरा हिस्सा बड़े भैया को दिया जाए. सुसाइड नोट में पत्नी को लेकर लिखा था कि वह मेरी मौत के बाद दूसरी शादी कर सकती है. अगर पत्नी दूसरी शादी करती है तो मेरे दोनों बच्चों को मेरी दीदी को सौंप दिया जाएं और पत्नी को केवल दस लाख रुपए दे दिए जाएं.
कुल मिलाकर ये पूरा मामला शुरूआती तौर पर तो जमींन बटवारे से जुड़ा नज़र आ रहा हैं. पुलिस प्रशासन भी अब इस ख़ूनी खेल का ख़ुलासा करने के लिए हर पहलू से मामले की जाँच में जुट गया हैं. पुलिस ने आरोपी जेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अब जल्द ही इस खूनी खेल के पीछे की असल वजह सामने आने की उम्मीद है.