भोपाल : राजधानी में स्थित विधानसभा भवन के निर्माण के समय बनाये मानचित्र अनुसार पूर्व से ही विधान परिषद हेतु एक हॉल का निर्माण किया गया था परन्तु वर्तमान में विधान परिषद के गठन का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। छह माह पहले 23 मार्च 2022 को विधानसभा के बजट सत्र में छिन्दवाड़ा जिले की जुन्नारदेव विधानसभा सीट से कांग्रेस के आदिवासी विधायक सुनील उईके द्वारा पूछे गये एक सवाल की जानकारी अब राज्य सरकार के संसदीय कार्य विभाग ने प्रश्नों के अपूर्ण उत्तरों के पूर्ण उत्तर पुस्तक में जारी की है।
दरअसल विधायक उईके ने पूछा था कि मप्र में विगत कई वर्षों से अन्य राज्यों जैसे उप्र, पश्चिम बंगाल, बिहार जैसे बड़े राज्यों की तर्ज पर विधान परिषद की मांग की जा रही है? इस हेतु नवनिर्मित विधानसभा भवन में विधान परिषद भवन का निर्माण भी किया जा चुका है? उस समय उन्हें जवाब दिया गया था कि जानकारी एकत्रित की जा रही है।
लेकिन अब छह माह बाद जानकारी दी गई है जिसमें संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा स्वीकार किया है कि विधान परिषद के गठन की मांग समय-समय पर की जाती रही है एवं पृथक से विधान परिषद के भवन का निर्माण नहीं हुआ है तथापि विधानसभा सचिवालय ने जानकारी दी है कि विधानसभा भ्वन में मानचित्र अनुसार पूर्व से ही विधान परिषद हेतु एक हॉल का निर्माण किया गया।