मध्य प्रदेश के निवाड़ी में सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। देर रात एक पार्टी से लौट रहे चार दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। इस भीषण सड़क हादसे में कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार एक पेड़ से टकराकर फंस गई और दो हिस्सों में बंट गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने गैस कटर की मदद से कार को काटा, काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। घटना निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात की है।
बताया जा रहा है कि क्रेटा कार में चार दोस्त विनोद यादव (45), नरेंद्र यादव (27), दीपक यादव (30) और साहिब सिंह यादव (35) सवार थे। शुक्रवार रात करीब नौ बजे चारों दोस्तों ने नाएगुवां के पास पार्टी की थी। इसके बाद सभी लोग कार लेकर पृथ्वीपुर निवासी दीपक यादव को घर छोड़ने गए।
इसी दौरान कार सड़क पर काफी तेज गति से जा रही थी और अनियंत्रित होकर विश्वपुरा के पास एक पेड़ से टकरा गई। कार पेड़ से इतनी बुरी तरह टकराई कि बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार दो हिस्सों में बंट गई। कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल होकर अंदर फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गैस कटर की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने साहिब सिंह को छोड़कर तीनों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक दीपक यादव की शादी करीब दो साल पहले ही हुई थी।