रणवीर सिंह का एक मैगज़ीन के लिए किया गया न्यूड फोटोशूट सोशल मीडिया पर वायरल है। इसके बाद तो इंटरनेट पर इसने बवाल मचाकर रख दिया। ये किसी को पसंद आया, तो किसी ने इसे लेकर रणवीर को काफी ट्रोल भी किया। वहीं मुंबई पुलिस ने मंगलवार को अभिनेता के खिलाफ FIR भी दर्ज की, शिकायत में कहा गया कि ये "महिलाओं की भावनाओं को आहत" करेगा। इसे सीधे-सीधे सभ्यता और संस्कृति पर हमला करार दिया गया।

देखा जाए तो इसमें कुछ भी नया नहीं है। 1995 में, एक विज्ञापन के लिए एक शूट के बाद, मॉडल मिलिंद सोमन और मधू सप्रे के खिलाफ अश्लीलता का मामला दर्ज किया गया था। बाद में उन्हें एक स्थानीय अदालत ने 14 साल के बाद दोनों को इस मामले से बरी कर दिया।
 
2020 में मिलिंद सोमन ने फिर से गोवा के बीच पर दौड़ते हुए अपनी एक और न्यूड तस्वीर शेयर की थी जिस पर एक्शन लेते हुए आईपीसी की धारा 294 और धारा 67 के तहत एक और मामला दर्ज किया गया था लेकिन इसके आगे कुछ नहीं हुआ।

2007 में शिल्पा शेट्टी कुंद्रा के एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हॉलीवुड स्टार रिचर्ड गेरे द्वारा गले लगाने और किस करने पर विरोध न करने के कारण शिल्पा के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। शिल्पा ने सोमवार को अपने खिलाफ दायर अपील को खारिज करने की मांग करते हुए अदालत का रुख किया है।

इससे पहले भी इस तरह के फोटोशूट सामने आ चुके हैं। हम बात करें पीके के आमिर खान के लुक की या फिर हाल ही में फ़िल्म लाइगर के लिए अपने सेक्सिएस्ट लुक साझा करने वाले साउथ के एक्टर विजय देवरकोंडा की, जो फूलों के एक गुच्छे के पीछे खड़े नज़र आए थे।

यानि कि ऐसा नहीं है कि जो तस्वीरें रणवीर ने शेयर की है उनमें कुछ नया हो, इससे पहले भी कई लोगों ने इसी तरह की तस्वीरें साझा की हैं। सिर्फ सेलिब्रिटी ही नहीं, दुनिया भर के लोग भी इंस्टाग्राम या ऐसे ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसी तस्वीरें साझा करते हैं। 

वहीं रणवीर को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वो कपड़े पहने थे या नहीं हाल ही में एक इंटरव्यू में रणवीर ने कहा था- "मैं एक हजार लोगों के सामने भी नेकेड हो सकता हूं।" 

क्या भावनाओं को ठेस पहुंचाने" को लेकर रणवीर सिंह के खिलाफ दर्ज FIR करना सही है या नहीं लेकिन अब तक इस तरह के केस में कभी कुछ हुआ नहीं है। माना जा है कि कुछ दिनों बाद इसे भी भुला दिया जाएगा।