कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। बुधवार को छत्तीसगढ़ के चुनावी दौरे पर आये राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सुकमा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं चाहते कि गरीबों को कोई ताकत मिले।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते रहते हैं कि वह एक गरीब आदमी हैं और लोग यह सहन नहीं कर सकते कि वह प्रधानमंत्री हैं। वह ऐसे बयान देते रहते हैं। क्या भूपेश बघेल ने कभी कहा कि वे पिछड़ा वर्ग से हैं? क्या उन्होंने कहा कि बीजेपी उन्हें बर्दाश्त नहीं करती? भूपेश बघेल ने कभी ऐसा बयान नहीं दिया है।
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि समाज, संविधान, लोकतंत्र और देश की रक्षा के लिए यह चुनाव जीतना हमारे लिए जरूरी है। पहले यहां कोई स्कूल, अस्पताल या बैंक नहीं था। कांग्रेस ने देश में सब कुछ बनाया। फिर भी भाजपा पूछती है कि कांग्रेस ने क्या किया।
खड़गे ने कहा कि हमें आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकार को बरकरार रखना है। कांग्रेस ने आपकी और आपके बच्चों की सुरक्षा के लिए कई कानून बनाए, ताकि आप सभी सुरक्षित रहें। कांग्रेस ने आपके लिए जो भी काम किया है, बीजेपी उसे बर्बाद कर रही है। भाजपा सरकार में अमीर और अमीर तथा गरीब और गरीब होते जा रहे हैं। इसलिए हमें जितना हो सके कांग्रेस को वोट देना है।
उन्होंने कहा कि मैं मोदी सरकार से पूछना चाहता हूं- जिस तरह से छत्तीसगढ़ सरकार लोगों की मदद कर रही है, क्या बीजेपी सरकार गुजरात में भी वही कर रही है? भाजपा सिर्फ झूठ बोलना जानती है, काम करना नहीं जानती। आप सभी हाथ के निशान पर वोट करें। यदि आप अपना हाथ मजबूत कर लेंगे तो हर चीज मजबूत हो जायेगी। हमारे हाथ काम करने वाले हाथ हैं, सिर्फ फूल पकड़ने के लिए नहीं।