छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की भतीजी अंजलि शर्मा ने प्रेम विवाह किया है। इसके बाद युवती और उसके पति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी शेयर किया है। वीडियो में अंजलि शर्मा ने अपने चाचा से जान को खतरा होने का आरोप लगाया है।
अंजलि शर्मा खुद को कवर्धा जिले की रहने वाली बता रही है। वह अपना नाम अंजलि शर्मा, पिता का नाम अजय शर्मा और चाचा का नाम छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा बताती है। ये वीडियो मैसेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अंजलि शर्मा ने वीडियो जारी कर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि मुझे और मेरे पति के परिवार को मेरे चाचा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से जान का खतरा है। अगर हमें कुछ हुआ तो मेरे चाचा विजय शर्मा जिम्मेदार होंगे।
वीडियो में विजय शर्मा की भतीजी ने कहा, मैं सरकार और प्रशासन से अनुरोध करती हूं कि मैं खुश हूं और हमें परेशान न किया जाए। कवर्धा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव से जब वायरल वीडियो के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें वीडियो की जानकारी है लेकिन पीड़ित की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है, अगर कोई शिकायत मिलेगी तो मामले पर संज्ञान लिया जाएगा।
आपको बता दें कि बीजेपी नेता और नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की छवि छत्तीसगढ़ में एक मजबूत हिंदू नेता की है। वह धर्मांतरण, लव जिहाद जैसे मुद्दों पर मुखर रहे हैं। बहरहाल, अंतरजातीय विवाह से जुड़ा यह मामला चर्चा में है।