छत्तीसगढ़ में पहले चरण की  20 सीटों पर वोटिंग जारी है। वहीं बाकी बची सीटों पर चुनाव प्रसार जोरों पर हैं। इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 7 नवंबर मंगलवार को छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ के बिश्रामपुर में विशाल जनसभा को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, सरगुजा ने दिलीप सिंह जूदेव जी जैसा समर्पित नेतृत्व दिया था। भाजपा का ऐसा ही नेतृत्व रहा है, जिसने हमेशा गरीब, शोषित, वंचित, पिछड़े और आदिवासी समाज की आकांक्षाओं को समझा है।

पीएम ने आगे कहा, भाजपा ने ही अटल जी के नेतृत्व में आप सभी के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ का निर्माण किया था। इसलिए आज पूरा छत्तीसगढ़ कह रहा है - भाजपा ने बनाया है, भाजपा ही संवारेगी। आज हर तरफ एक ही गूंज है- भाजपा आवत है।

उन्होंने आगे कहा कि आज छत्तीसगढ़ में पहले चरण का चुनाव भी हो रहा है, मुझे मिली खबर के अनुसार बड़े उत्साह और उमंग के साथ भारी मतदान हो रहा है। सभी मतदाताओं से मेरी अपील है कि बिना डरे, बिना हिचके मतदान अवश्य करें।

भारत में हमारे आदिवासी भाई-बहनों की आबादी 9-10 करोड़ के आसपास है। लेकिन आजादी के बाद, दशकों तक कांग्रेस के लिए आदिवासियों का कोई वजूद ही नहीं था, उन्हें उनके नसीब पर छोड़ दिया गया था। कांग्रेस ने कभी आपकी चिंता नहीं की, आपके बच्चों के बारे में नहीं सोचा। जबकि भाजपा ने हमेशा आदिवासी कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

पीएम मोदी ने जनसमुदाय को बताया कि आदिवासी समाज के लिए केंद्र सरकार का बजट हमने 5 गुना बढ़ा दिया है। आपके बच्चों की अच्छी पढ़ाई हो, इसलिए आदिवासी क्षेत्रों में 500 नए एकलव्य मॉडल स्कूल भी बनाए जा रहे हैं।