महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप पर चल रही कार्रवाई में बड़ी कामयाबी मिली है। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के सह संस्थापक रवि उप्पल को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में गिरफ्तार किया गया है। वहीं सौरभ चंद्राकर की लोकेशन ट्रेस हो गई है। उसके भी जल्द अरेस्ट होने की उम्मीद है।
UAE में अरेस्ट रवि भारत में वांटेड है। उसकी गिरफ्तारी के बाद भारतीय एजेंसियां UAE के अधिकारियों के संपर्क में हैं। रवि को जल्द ही भारत लाया जा सकता है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कहने पर इंटरपोल ने रवि उप्पल के खिलाफ पहले ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। महादेव ऐप छत्तीसगढ़ में बड़ा चुनावी मुद्दा था। इसे बीजेपी ने अपने आरोप पत्र और चुनावी घोषणा पत्र में भी शामिल किया था। पार्टी ने सरकार बनने पर कड़ी कार्रवाई का ऐलान किया था।
मनी लॉन्ड्रिंग केस में ED महादेव ऐप जांच कर रही है। ED ने 2 महीने पहले महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप केस में मुंबई, कोलकाता और भोपाल में करीब 39 ठिकानों पर छापेमारी कर 417 करोड़ की संपत्ति जब्त की थी। रवि उप्पल साथी सौरभ चंद्राकर के साथ UAE में रह रहा था।