मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अपने निवास पर 'पेसा क्लास' शुरू की है। वह अपने विधायकों को पेसा कानून के जरिये आदिवासी इलाकों में भाजपा सरकार के फैसले की ब्रांडिंग करने और प्रकारांतर से आदिवासियों को चुनाव के नजरिये से पक्ष में करने के मंत्र दे रहे हैं। यह बैठक दो सत्रों में चलेगी।

मुख्यमंत्री दोपहर भोजन भी विधायकों के साथ करेंगे। ज्ञात हो कि हाल में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने मप्र आकर पेसा कानून लागू किया है। भाजपा आगामी 20 नवंबर से आदिवासी जिलों में पैसा जागरुकता यात्रा भी शुरू करने वाली है। वहीं मुख्यमंत्री भी पैसा जागरुकता

सम्मेलन कर रहे हैं। दरअसल सूत्रों का कहना है कि भाजपा किसी भी सूरत में इस बार आदिवासी सीटों पर कांग्रेस का कब्जा नहीं देखना चाहती है। पिछले चुनाव में आदिवासी सीटों पर कांग्रेस की जीत के चलते भाजपा का सत्ता वापसी का गणित बिगड गया था।

सूत्र बताते हैं कि बैठक में इसमें पार्टी प्रोग्राम, विकास के कार्यक्रम, शिलान्यास - भूमिपूजन जैसे कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। विधायक सीएम हाउस पहुंचे हैं। आगामी विधानसभा सत्र को लेकर भी मीटिंग में चर्चा हो सकती है।

खाद- राशन पर सीएम ने अफसरों से की बात

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह जल जीवन मिशन सहित खाद व राशन की उपलब्धता व निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय सीमा में उन्हें पूर्ण करने में के विषय में सतना के अफसरों से वचुअल चर्चा की। उन्होंने गड़बड़ी करने वालों पर कार्यवाही के निर्देश दिये और कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों को राशन सही मात्रा में निर्बाध रूप से उपलब्ध हो।

भ्रष्टाचार या व्यवधान उत्पन्न करने वालों पर एफआईआर दर्ज की जाए। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री रामखेलावन पटेल उपस्थित थे। कमिश्नर रीवा अनिल सुचारी रीवा से तथा कलेक्टर सतना अनुराग वर्मा सतना से बैठक में वर्चुअली सम्मिलित हुए।