गुना सड़क हादसे पर CM ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए की सहायता राशि की घोषणा


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

Guna Accident: गुरुवार को गुना में 40 लोगों को ले जा रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से दो लोगों की मौत हो गई, 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गये, हादसे को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है..!

Guna Accident: मध्य प्रदेश के गुना जिले में हुए भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। गुना ज़िले के फतेहगढ़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, "गुना जिले के फतेहगढ़ थाने के रामनगर में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से हुई दुर्घटना में 2 लोगों की आकस्मिक मृत्यु तथा 20 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर बेहद दुःखद है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस द्वारा उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।"

सीएम डॉ. यादव ने आगे लिखा, "मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष से 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं, इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा भी हर संभव मदद की जाएगी।" हम बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हैं कि वे मृतकों की आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति''

दरअसल, गुना जिले के कंचनपुरा गांव से 40 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से गुगोर वाली माता के दर्शन करने राजस्थान जा रहे थे। गुरुवार सुबह जैसे ही ट्रॉली किशनपुरा मोड़ पर पहुंची, ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

इस घटना में एक बुजुर्ग व्यक्ति और एक बच्ची की ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से मौत हो गई। हादसे में 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।