Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव में केंद्रीय नेताओं का धुआंधार प्रचार लगातार जारी है. बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों की तरफ से सभी स्टार प्रचारक मैदान में उतरकर जीत के दावे के साथ जनता से वोट मांग रहे हैं.

इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी आज (16 नवंबर) तारानगर (चूरू), नोहर (हनुमानगढ़) और सादुलशहर (श्रीगंगानगर) में चुनावी रैलियों को संबोधित करने पहुंचे. हालांकि, चुनावी सभा से पहले ही राज्य में जयपुर एयरपोर्ट की एक तस्वीर पर सियासत शुरू हो गई.

ये हैं तस्वीर…

दरअसल, आज सुबह जयपुर एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के आने से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट एक साथ चर्चा करते नज़र आये. उनकी ये तस्वीर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चाओं में हैं. इसके पीछे की वजह ये हैं कि सचिन पायलट ने इसी साल अशोक गहलोत पर आरोप लगाया था कि उन्होंने वसुंधरा राजे की सरकार के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की है. 

इसी विवाद को लेकर दोनों नेताओं के बीच नाराजगी खुलकर सामने नज़र आने लगी थी. हालांकि, पार्टी में दोनों नेताओं की नाराजगी को दूर करने के लिए कई बैठकों का दौर भी चला. जिसके बाद सचिन पायलट और अशोक गहलोत कई मौके पर एक साथ नज़र भी आये.

हम एक साथ हैं और रहेंगे- राहुल गांधी 

जयपुर एयरपोर्ट से निकलते समय राहुल गांधी ने भी दोनों ही नेताओं में आपसी नाराजगी नहीं होने का दावा किया. उन्होंने कहा, हम एक साथ नज़र नहीं आ रहें हैं, हम एक साथ हैं और रहेंगे. यहां कांग्रेस पार्टी चुनाव जीतेगी. इस दौरान उनके साथ अशोक गहलोत और सचिन पायलट दोनों ही थे.

ये सिर्फ फोटो शूट है- प्रह्लाद जोशी

फिलहाल, इस बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी बोले, ये सिर्फ फोटो शूट है. इन लोगों ने क्या-क्या नहीं किया, इनके पोस्टर में तो राहुल का फोटो भी नहीं था. राहुल गांधी को पता है कि राजस्थान में कांग्रेस का कुछ नहीं होने वाला हैं. बता दें कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव 25 नवंबर को है.