मध्यप्रदेश के CM शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार को ध्वस्त करने अधिकारियों को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि ड्रग्स या अवैध शराब बिकी तो जिले के एसपी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने दो टूक हिदायत दी कि करप्शन के मामले में जीरो टॉलरेंस है। किसी ने गलत काम किया तो उसे छोडूंगा नहीं।
डीजीपी, आईजी, एसपी और कलेक्टरों के साथ शनिवार को प्रदेश की क़ानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्य्मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार को पूरी तरह से ध्वस्त करना है। सीएम शिवराज ने इंदौर में एक टीआई द्वारा वसूली किये जाने की शिकायत पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में चिन्हित योजनाओं में पात्र व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित किया जाए। गत 17 सितंबर को आरंभ हुए अभियान को आज 21 दिन हो चुके हैं और अभी 23 दिन शेष हैं। यह जनता की सेवा का अभियान है, कोई भी पात्र हितग्राही नहीं छूटे। अभियान में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। सभी कलेक्टर लंबित आवेदनों के संबंध में तत्काल निर्णय लेकर उनका निराकरण सुनिश्चित करें। जारी की गई स्वीकृतियों में हितलाभ वितरण की कार्यवाही में विलंब न हो। अभियान में आवदनों के निराकरण की धीमी गति अक्षम्य होगी। आवेदनों को अस्वीकृत और स्वीकृत करने एक समान मानक अपनाए जाएँ।
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि जनसेवा अभियान में प्राप्त आवेदनों का हित लाभ वितरण मध्यप्रदेश स्थापना दिवस एक नवंबर से किया जाएगा। सभी जिलों में भव्य और गरिमापूर्ण कार्यक्रम कर लाभार्थियों को भौतिक रूप से स्वीकृति-पत्र या लाभ वितरित किए जाएंगे। जिलों में होने वाले कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्रीमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक और पंचायत प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार, पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना उपस्थित थे। सभी मंत्रीगण, संभागायुक्त तथा जिला कलेक्टर बैठक में वर्चुअली शामिल हुए।