भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के धान उत्पादक किसानों को धान की खेती के लिए प्रति हेक्टेयर 4,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए यह ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धान खरीद पर प्रोत्साहन राशि के लिए भी प्रदेश के किसानों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि धान क्रय करने वाले पात्र किसानों को धान क्रय पर प्रति हेक्टेयर 4000 रूपए की अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार संकल्प के अनुरूप जनता के कल्याण के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।
केन बेतवा परियोजना पर मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना किसानों के लिए कृषि उत्पादन बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगी। ऐसी परियोजनाएं मध्य प्रदेश की समृद्धि में महत्वपूर्ण होंगी।
गेहूं उत्पादन को भी लाभ होगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गेहूं उत्पादक किसानों को 175 रुपये प्रति क्विंटल की अतिरिक्त बोनस राशि भी दी जाएगी। मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत वर्ष 2024 में 6.69 लाख कृषकों द्वारा 12.2 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की बुवाई की गई है। मुख्यमंत्री कृषक प्रोत्साहन योजना के तहत धान उत्पादक किसानों को प्रति हेक्टेयर 4,000 रुपये का लाभ मिलेगा। इससे राज्य के किसानों को 488 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गेहूं किसानों को 2,425 रुपये के समर्थन मूल्य के अतिरिक्त 175 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस दिया जाएगा। इस प्रकार गेहूं की खरीद पर 2600 रुपये प्रति क्विंटल की राशि प्राप्त होगी। इस वर्ष राज्य में 8 मिलियन मीट्रिक टन गेहूं की खरीद का अनुमान है। राज्य में किसानों को 175 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस मिलने से लगभग 1400 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ होगा।