मध्यप्रदेश के तीन शहर आपस में मंगलवार को हवाई के दिन दो उड़ानों 'जबलपुर-इंदौर-जबलपुर' और 'इंदौर- ग्वालियर-इंदौर' की सौगात मिली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की वर्चुअल उपस्थिति में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा एलायंस एयर कंपनी की उड़ानों का झंडी दिखा कर शुभारंभ किया गया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज ने बताया कि इन्दौर के निकट देवास जिले के चाचौड़ा ग्राम में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए भूमि का चिन्हांकन भी हो गया है। इस योजना पर जल्दी ही अमल किया जाएगा। साथ ही प्रदेश में रीवा और उज्जैन की एयर स्ट्रिप की लम्बाई बढ़ाने का कार्य भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि मध्यप्रदेश, देश के मध्य में होने से किसी भी हिस्से में तेज गति से पहुँचने की स्थिति में है। इस भोगौलिक अनुकूलता से उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र की संभावनाओं को साकार करना आसान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नागरिक उड्डयन मंत्री सिंधिया एयर कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत हैं।

सीएम शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गत 17 सितम्बर को कूनो पालपुर राष्ट्रीय उद्यान में दूसरे महाद्वीप से लाए गए चीतों के प्रवेश का शुभ कार्य कर चुके हैं। पर्यटन विकास में इसका विशेष महत्व है। मध्यप्रदेश टाइगर और लेपर्ड स्टेट बनने के बाद चीता स्टेट भी बन गया है। 

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि आज एलायंस एयर द्वारा जबलपुर-ग्वालियर और इन्दौर के निवासियों को नई विमान सेवाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार एयर कनेक्विविटी विस्तार योजनाओं में पूर्ण सहयोग देगी। 

प्रदेश के विकास की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि स्वच्छता में वेस्ट जोन में मध्यप्रदेश के अव्वल आने, इन्दौर के निरंतर छठवीं बार देश के स्वच्छतम शहर का खिताब प्राप्त करने के साथ ही चारों दिशाओं में प्रगति के प्रयास हो रहे हैं।

वहीं केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रगति के लिए मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के नेतृत्व में अनूठा कार्य हो रहा है। पहली बार एक ही दिन में प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों इन्दौर-जबलपुर और ग्वालियर को हवाई सेवाओं से जोड़ने का कार्य हो रहा है। उन्होंने भी प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों के आगमन को एक विशेष उपलब्धि बताया।

वर्चुअल शुभारंभ में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह, सांसद राकेश सिंह, प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पर्यटन मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, सांसद विवेक तन्खा, पूर्व मंत्री महेन्द्र हार्डिया, सुदर्शन गुप्ता और अन्य जन-प्रतिनिधि विभिन्न स्थानों से शामिल हुए।