धनतेरस के साथ ही पांच दिवसीय दीपोत्स्व की शुरुआत हो गई। धनतेरस पर बाज़ारों में रौनक दिखी और लोग जमकर खरीदारी करने उमड़े। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी धर्मपत्नी साधना सिंह  और बेटों कुणाल व  कार्तिकेय के साथ रोशनपुरा चौराहा पहुँचकर धनतेरस के अवसर पर खरीददारी की। 

सीएम शिवराज ने शगुन स्वरूप एक चाँदी का सिक्का, पूजा की थाली और बर्तन खरीदा। इसके अलावा  मुख्यमंत्री शिवराज ने जाएका पान भंडार की दुकान पर पान भी खाया।

मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने बाजार में धनतेरस की खरीदारी के लिए आये सभी नागरिकों से भेंट कर धनतेरस की शुभकामनाएँ भी दी। नागरिकों ने मुख्यमंत्री चौहान के साथ सेल्फी भी ली।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस मौके पर मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए प्रदेशवासियों से अपील की कि गरीब और जरूरतमंदों के साथ दीपावली की खुशियाँ बाँटे। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के कारण जो बच्चे अपने माता-पिता को खो चुके हैं, उनके साथ मैं दीपावली का पर्व मना कर खुशियाँ बाटूंगा।