नव-निर्वाचित जन-प्रतिनिधि अपने निकाय को आदर्श बनाएँ। आम जनता की सेवा कर अपने दायित्व पर खरे उतरें। स्वच्छता के साथ पर्यावरण-संरक्षण, बिजली एवं पानी की बचत के क्षेत्र में और जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता को दिलवाने के लिए सक्रिय रहें। इससे जन-प्रतिनिधियों और निकायों को यश भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान बुधवार ने यह बात को मुख्यमंत्री निवास सभाकक्ष में सीहोर जिले के चार नगरीय निकाय के नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कही। इन निकायों में बुदनी, रेहटी, शाहगंज और नसरूल्लागंज शामिल हैं। इन निकायों के 64 निर्वाचित जन-प्रतिनिधि प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जन-प्रतिनिधि के रूप में निर्वाचित होने के बाद आम जनता के कल्याण के लिए समर्पित होकर कार्य करना है। ऐसा कार्य कर दिखाएँ कि लोग प्रशंसा करने को विवश हो जाएँ ।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह एक अभिनव प्रशिक्षण कार्यक्रम है। उन्होंने सभी नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को जीत की बधाई देते हुए कहा कि अनेक प्रतिनिधि निर्विरोध चुन कर आए हैं। जनता की सेवा करते हुए जन-प्रतिनिधियों को जनअपेक्षाओं पर खरा उतरना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि एक प्रकल्प बनाया गया है, जिसका नाम है प्रज्जवल बुदनी। इसके अंतर्गत अनेक विकास कार्य हो रहे हैं। बुदनी, नसरूल्लागंज के गौरव दिवस के बाद अब शाहगंज और अन्य निकायों का भी गौरव दिवस मनाया जाना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हम रोड मैप बना कर आगे बढ़ेंगे। सभी अधिकारी, जन-प्रतिनिधियों को क्षेत्र में संचालित कार्यों की जानकारी देते रहें, जिससे जन-प्रतिनिधियों को अपनी भूमिका के निर्वहन में कोई समस्या न आए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा विभिन्न स्रोतों से निकायों को राशि प्राप्त होती है। निकायों को स्वयं भी अपने आय के स्रोत निर्मित कर विकास कार्यों में व्यय करना चाहिए।