दीपावली पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में सुख समृद्धि, रिद्धि-सिद्धि लाए। मध्यप्रदेश प्रगति, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नया इतिहास रचे, यही कामना है। हम सब को टीम मध्यप्रदेश की भावना से काम करना होगा। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीपपर्व पर निवास कार्यालय से सभी मंत्रियों, राज्य व जिला स्तरीय अधिकारियों को वर्चुअली संबोधित करते हुए कही। 

मुख्यमंत्री शिवराज ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश के विकास के संकल्प और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा प्रदेश को विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी बनाने के लिए टीम मध्यप्रदेश को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दीपावली के संकल्पों को सिद्ध कर, टीम मध्यप्रदेश राम राज्य की अवधारणा को प्रदेश में साकार करेगी ।

जानिए और क्या कहा मुख्यमंत्री शिवराज ने 

1 प्रदेश में विकास गतिविधियां और जन-कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्व्यन बेहतर स्वरूप में हो रहा है। हमें प्रदेशवासियों के जीवन स्तर में बदलाव लाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। प्रदेश में 19.76 प्रतिशत की विकास दर दर्ज कराई है। सकल घरेलु उत्पाद 200 प्रतिशत बढ़ा है। प्रदेश की अर्थ-व्यवस्था 11 लाख 50 हजार करोड़ की है और केपिटल एक्सपेंडीचर 48 हजार करोड़ से अधिक का है। प्रदेश में विकास गतिविधियों का क्रियान्वयन तेजी से हो रहा है। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान में ऐसे पात्र 68 लाख पात्र हितग्राहियों को जोड़ा जा चुका है जिन्हें अब तक इन योजनाओं का लाभ नहीं मिला।

2  हमें यह सुनिश्चित करना है कि जनता को अपने कार्यों के लिए शासकीय दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, सरकार स्वयं उनके द्वार पर पहुंच कर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराए। राज्य शासन द्वारा भ्रष्टाचार को समाप्त करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हमें ऐसा मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करना होगा जिससे व्यवस्था में भ्रष्टाचार की गुंजाइश ही न बचे। दीपावली पर्व पर समस्त मंत्रीगण तथा अधिकारियों, कर्मचारियों की टीम मध्यप्रदेश जन-सामान्य को बिना परेशानी के शासकीय सेवाओं, योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का संकल्प लें। शासकीय कार्य में गड़बड़ करने वालों, भ्रष्टाचार करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। प्रदेश में सुशासन हमारा संकल्प है।

3 यह आवश्यक है कि विकास के कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण हों । जिला कलेक्टर योजनाओं की निरंतर समीक्षा की निश्चित व्यवस्था विकसित करें। प्रमुख कार्यक्रमों और योजनाओं की समीक्षा के लिए सप्ताह के दिन निर्धारित किए जाएं। जिला, संभाग और राज्य स्तर पर विस्तृत और सजग मॉनीटरिंग व्यवस्था स्थापित की जाए। दीपावली के बाद जिलों की समीक्षा की प्रकिया पुन: आरंभ की जाएगी।

4 आगामी दिवस में प्रदेश में महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को आयोजन प्रस्तावित है। गौवर्धन पूजा का कार्यक्रम 26 अक्टूबर को सार्वजनिक रूप से किया जाएगा। पर्यावरण-संरक्षण के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में अंकुर अभियान और पर्यावरण के लिए कार्य करने वाले व्यक्ति और संस्थाएं विशेष रूप से सम्मिलित होंगी। इसके बाद एक नवम्बर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का आयोजन प्रदेशवासियों को गर्व-गौरव और सम्मान से परिपूर्ण करने के उद्देश्य से किया जाएगा। लाड़ली लक्ष्मी उत्सव 2 नवम्बर को होगा, जिसमें 43 लाख परिवार सम्मिलित होंगे। इसमें गांव और पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।