प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितबंर को अपना जन्मदिन मध्यप्रदेश की धरती पर मना रहे हैं। वे कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से आए चीतों को बाड़ों में छोड़ने पहुंच रहे हैं। वे पहले ग्वालियर पहुंचेंगे जहाँ से कूनो के लिए प्रस्थान करेंगे। 
  
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन पर बधाई दी है। साथ ही उन्होंने कहा है कि यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री अपना जन्मदिन हमारे बीच मना रहे हैं। सीएम शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री जी को मध्यप्रदेश की 8.50 करोड़ जनता की ओर से अनंत शुभकामनाएं! उनके नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। वह दुनिया को दिशा दे रहे हैं, भारत की जनता के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं, विश्व का कल्याण हो, धरती का यह मूल मंत्र है, उसको भी साकार कर रहे हैं।


मुख्यमंत्री शिवराज ने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि आज इस दिन वह मध्यप्रदेश की धरती पर होंगे। आज हम मप्र में हर पंचायतों और नगरों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के जो पात्र हितग्राही शेष रह गए हैं उनको चिन्हित कर रहे हैं। हमारी कोशिश रहेगी कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित ना रहे।

पीएम मोदी कूनो में करीब आधा घंटे रहेंगे। कूनो पार्क में स्कूली बच्चों के साथ प्रधानमंत्री अपना जन्मदिन मनाएंगे। पीएम मोदी इसके बाद दोपहर 12 बजे श्योपुर जिले की कराहल तहसील मुख्यालय में महिला स्व-सहायता समूहों का सम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कई दिग्गज नेता इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।