छात्र से अभद्रतापूर्वक बात करने का ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने झाबुआ एसपी अरविंद तिवारी को हटाने के निर्देश दिए हैं। एसपी पर बच्चों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप है। मामला झाबुआ पॉलीटैक्निक कॉलेज हॉस्टल में हुई लड़ाई से जुड़ा है। 

दरअसल झाबुआ जिले के वर्तमान एसपी अरविंद तिवारी का एक छात्र से बात करने का ऑडियो क्लिप वायरल है, जिसमें छात्र बार-बार एसपी अरविंद तिवारी से पॉलीटैक्निक कॉलेज हॉस्टल में हुई लड़ाई के चलते शिकायत कर रहा था और झगड़ा होने के कारण एसपी से उसे सुरक्षा मुहैया करवाने की गुहार कर रहा था।

बदले में एसपी तिवारी उस छात्र से गाली-गलौज और अभद्र भाषा में बात करते सुनाई दे रहे थे।ऑडियो वायरल होने के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सख्ती बरतते हुए नियमित समीक्षा बैठक में सीएस और डीजीपी को एसपी अरविंद तिवारी को तत्काल झाबुआ एसपी के पद से हटाने के निर्देश जारी किए हैं। 

सीएम ने कहा कि वे जिस भाषा में वह बात कर रहे हैं, वह अशोभनीय हैं। बच्चों के साथ कोई इस तरह से कैसे बात कर सकता है? उन्हें तत्काल इसी क्षण हटाया जाए। झाबुआ एसपी अरविंद तिवारी को अब सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय भोपाल नियुक्त किया गया है।

गौरतलब है कि रविवार रात पॉलिटेक्निक कॉलेज के हॉस्टल में शराब के नशे में कुछ स्टूडेंट्स के बीच झगड़ा हो गया था। स्टूडेंट्स पहले तो इसकी शिक़ायत करने पुलिस स्टेशन गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें वापस हॉस्टल वापस लौट जाने को कहा, इसके बाद छात्रों ने एसपी अरविंद तिवारी को फोन कर सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग की, जिस पर एसपी ने छात्रों से अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया।