मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सख्त तेवर बुधवार सुबह 7 बजे श्योपुर जिले की समीक्षा बैठक में भी दिखाई दिए। सीएम शिवराज ने समीक्षा बैठक के दौरान राशन वितरण से जुड़ी गलत जानकारी देने पर ही श्योपुर जिले के खाद्य अधिकारी (DSO) को सस्पेंड कर दिया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जो काम के बदले दाम मांगे, उन्हें नौकरी से तत्काल बाहर करो। CM शिवराज ने कहा यह भी कहा कि राशन वितरण में गड़बड़ी करने वालों को पर किसी तरह की रियायत नहीं बरती जाएगी।
सीएम ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि गरीब तक सही समय से राशन पहुंचे। किसी से अनुचित पैसे की लेन-देन बर्दाश्त नहीं होगी। सस्ती रेत उपलब्ध कराने की कोशिश की जाए। मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन की जानकारी भी ली और कहा कि जिनकी शिकायतें हैं उनकी सेवा समाप्त करें।
मुख्यमंत्री शिवराज ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से श्योपुर जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन और कानून व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।
गौरतलब है कि पांच दिन के अंदर ये तीसरा मौका है जब CM ने किसी जिला खाद्य अधिकारी पर एक्शन लिया है। इससे पहले 23 सितंबर को डिंडौरी के DSO टीकाराम अहिरवार को और 25 सितंबर को CM ने झाबुआ के जिला खाद्य अधिकारी एमके त्यागी को हटाने के निर्देश दिए गए थे।