मध्यप्रदेश में भारी बारिश के बाद अब हालत सुधरते नज़र आ रहे हैं। अगले 24 घंटों में प्रदेश ने भारी वर्षा का अनुमान न होने से भी राहत के आसार है। वहीं सीएम शिवराज ने आज सुबह पीएम नरेंद्र मोदी को फोन पर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति से अवगत कराया और राहत कार्यों में मदद के लिए आभार जताया।
सीएम शिवराज ने आज सुबह पीएम मोदी से फोन पर बात करके मध्यप्रदेश में विगत दिनों हुई अतिवृष्टि और इससे उत्पन्न बाढ़ और जलभराव की जानकारी दी। सीएम ने बेतवा नदी में आई बाढ़ से प्रभावित हुए विदिशा ज़िले के क्षेत्रों में किए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन और राहत कैंपों के बारे में भी प्रधानमंत्री को जानकारी दी।
सीएम ने रायसेन,गुना, राजगढ़, सागर, भोपाल सहित अन्य स्थानों की यथास्थिति से पीएम मोदी को अवगत कराया। साथ ही सीएम ने आर्मी, एनडीआरएफ की तुरंत मदद पहुंचाने और सतत सहयोग और मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री को आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री शिवराज आज मुरैना जिले में बाढ़ के हालात का जायजा लेंगे।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हमारी प्राथमिकता युद्ध स्तर पर सफाई तथा बीमारियां ना फैलें उसकी व्यवस्था करना है।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) August 24, 2022
सबसे मुख्य काम में पेयजल की व्यवस्था को सुचारू करना है। उसके लिए जो मैनपावर भोपाल से चाहिए, वह भोपाल से आएगा और हम सब जुट कर जल आपूर्ति को सुनिश्चित करेंगे। pic.twitter.com/bxppPwDYWE
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार पिछले 24 घन्टों के दौरान प्रदेश के उज्जैन और रीवा संभागों के जिलों में अधिकांश स्थानों पर शहडोल, जबलपुर, भोपाल, इंदौर एवं ग्वालियर संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर तथा सागर, नर्मदापुरम एवं चंबल संभागों के जिलों में कहीं कही वर्षा दर्ज की गई।
अगले 24 घंटों में उज्जैन संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर वर्षा या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही शहडोल, रीवा, जबलपुर, सागर, इंदौर, नर्मदापुरम एवं भोपाल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं गरज व चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं चंबल एवं ग्वालियर संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं।
मध्यप्रदेश में करीब 60 से अधिक डैम ओवरफ्लो हो गए हैं। वहीं रिहायशी इलाकों में पानी घुसने से कई लोग बेघर हो गए हैं। सभी को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के मुताबिक प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ के चलते 16 सड़क मार्ग बंद और प्रभावित हैं। सरकार ने लोगों से बाढ़ प्रभावित इलाकों में यात्रा न करने की अपील की है।