भोपाल में निजी स्कूल की बस में साढ़े 3 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को बड़ी बैठक बुलाई। सुबह सात बजे सीएम हाउस में हुई आपात बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज ने निर्देश दिए कि दोषी ड्रायवर और आया के खिलाफ कार्यवाही के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध भी कड़ी कार्यवाही की जाए।
सीएम ने कहा कि स्कूल बसों में चलने वाले स्टाफ का वेरिफिकेशन स्कूल प्रबंधन की जवाबदारी है। बच्चों को हम दरिंदों के हवाले नहीं छोड़ सकते। बस में सीसीटीवी कैमरे काम क्यों नहीं कर रहे थे, यह स्कूल प्रबंधन को देखना चाहिए था। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज में यह संदेश नहीं जाए कि प्रभावशाली व्यक्तियों पर कार्यवाही नहीं होगी।
आपात बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि भोपाल के सभी स्कूलों के ड्रायवरों तथा बसों में चलने वाले स्टाफ का परीक्षण हो। अपराधी रिकॉर्ड और चारित्रिक रूप से दोषी व्यक्तियों को ना रखा जाए। इस स्टाफ के प्रशिक्षण और कानूनी प्रावधानों के संबंध में कार्यशाला आयोजित की जाएं।
सीएम श्री @ChouhanShivraj ने प्रातः 7:00 बजे बुलाई आपात बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि भोपाल के एक निजी स्कूल की बस में बेटी के साथ हुई वारदात विश्वास को हिला देने वाली घटना है। माता-पिता अपने बच्चों को भरोसे पर स्कूल भेजते हैं, यह भरोसा बनाए रखना स्कूल प्रबंधन का दायित्व है। pic.twitter.com/wDfvGWebro
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) September 15, 2022
साथ ही यह विश्वास मजबूत होना चाहिए कि सरकार है तो अपराधी छूटेंगे नहीं, निश्चित समय में कड़ी कार्यवाही की जाए, ताकि प्रबंधन अपनी जवाबदारी और दायित्व समझे। उन्होंने भोपाल के एक निजी स्कूल की बस में बेटी के साथ हुई वारदात को विश्वास को हिला देने वाली घटना बताया है।
सीएम ने इसके साथ ही बच्चों और पालकों में पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के संबंध में जागरूकता और जानकारी पर केन्द्रित प्रशिक्षण सभी शासकीय और निजी शालाओं में आयोजित किए जाने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि पुलिस भी पालकों और समाज के साथ प्रभावी तरीके से इस विषय पर संवाद करें।
गौरतलब है कि राजधानी में नर्सरी में पढ़ने वाली साढ़े तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म का 9 सितंबर को सनसनीखेज मामला सामने आया था। नीलबड़ स्थित एक निजी स्कूल की नर्सरी में पढ़ने वाली इस छात्रा से स्कूल बस के ड्राइवर ने बस में ही दुष्कर्म किया था। बच्ची घर लौटी तो उसके कपड़े बदले देख उसकी मां को अनहोनी की आशंका हुई थी। जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा था।