CG News: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले सुकमा/बीजापुर के सीमावर्ती क्षेत्र टेकलगुडेम में बीते दिन यानी 30 जनवरी को नक्सलियों और जवानों के बीच मुठभेड़ हुई थी. जिसमें 3 जवान शहीद हो गए थे और 14 जवान घायल भी हुए है. बता दें कि घायलों को रायपुर इलाज के लिए भेजा गया है, जहां सभी घायल खतरें से बाहर हैं.
आज तीनों शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जा रही है. जिसमें सीआरपीएफ सहित पुलिस के आला अधिकारी शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं. इस मुठभेड़ को लेकर प्रदेश के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी बयान दिया है. इस हमले में शहीद हुए जवानों को करनपुर CRPF 201 कोबरा कैंप में श्रद्धांजलि दी जा रही है.
शहीदों को प्रदेश के सीएम विष्णु देव साय ने भी श्रद्धांजलि दी है. यहां गार्ड ऑफ़ ऑनर देने के बाद शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम के लिए रवाना कर दिया गया. इस मौके पर पुलिस और CRPF के अफसर भी मौजूद थे.
नक्सलवाद को खत्म करके रहेंगे- सीएम
मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य में नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई और तेज होगी. छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अब अपने खात्मे की ओर है, लड़ाई हम जीतेंगे. आने वाले समय में नक्सलवाद को खत्म करके रहेंगे. आम जनता तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अंदरूनी इलाकों में कैंप स्थापित किए जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नक्सली जिन इलाकों को अब तक अपना समझ रहे थे, उन इलाकों में सुरक्षाबलों के दखल और बढ़ते प्रभाव से नक्सली बौखला गए हैं और कायराना हरकत कर रहे हैं. हम हर स्थिति में अपने जवानों के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं.