अयोध्या में 500 वर्षों से अधिक का इंतजार खत्म हो गया है। प्राण प्रतिष्ठा के साथ रामलला मंदिर के गर्भगृह में विराजमान हो गए। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी समेत अलग अलग विधाओं के कई दिग्गज मौजूद रहे।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में प्राण प्रतिष्ठा के वर्चुअली साक्षी बने। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई विशिष्टजन भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इस ऐतिहासिक पल को लेकर लिखा कि पूर्ण धरा राममय, चहुँ ओर राम की गूँज। राम नाम से धन्य हुआ, जीवन का हर क्षण अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के पुनीत अवसर पर प्रभु श्रीराम की पावन नगरी ओरछा भी नवप्राणित हुई। रामराजा सरकार की नगरी से श्री अयोध्या जी में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के दिव्य क्षण के हम भी साक्षी हैं!
वहीं अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में संघ प्रमुख मोहन भागवत, अमिताभ बच्चन, अनिल अंबानी, अनुपम खेर, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, मुकेश-नीता अंबानी, गौतम अडाणी, रजनीकांत, बाबा रामदेव आदि शामिल हुए।