MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम लगातार करवट ले रहा है. एक तरफ कड़कड़ाती ठंड लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. तो वहीं सर्द हवाओं के साथ प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश ने भी कहर बरपा रखा है. बीते कुछ दिनों से प्रदेश भर में कोहरे के साथ बारिश और कड़कड़ाती ठंड पड़ रही है.

फिलहाल, इस ठंड से राहत मिलने के आसार तो नज़र नहीं आ रहे हैं. अमूमन जनवरी के आखिरी सप्ताह तक ठंड धीरे-धीरे कम होने लगती है, लेकिन इस बार सर्दी का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है. सुबह और रात के समय घने कोहरे व सर्द हवाओं के कारण ठंड कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही है.

 न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के आसपास पहुंचा-

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 26 जनवरी के बाद सर्दी इससे भी अधिक बढ़ सकती है. हालांकि, अभी भी दतिया, ग्वालियर, राजगढ़, खजुराहो, रीवा, पचमढ़ी जैसे शहरों की रातें भयंकर ठंडी के साथ गुजर रही हैं. मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, दतिया का न्यूनतम तापमान बीती रात 3 डिग्री के आसपास रहा. साथ ही ग्वालियर, जबलपुर, खजुराहो, नौगांव जैसे शहरों में भी तापमान इसके आसपास ही बना हुआ है.

इन जगहों पर सर्द हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही हैं. यहां रात के समय सर्द हवाएं सभी को ठिठुरने पर मजबूर कर रही हैं. इन दिनों घने कोहरे के कारण ट्रेने तो लेट चल ही रही हैं साथ ही तेज ठंड की वजह से शहरों में भी सुबह 9 से 10 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा छाया रहता है.

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट-

हाल ही में मौसम विभाग ने इन जिलों सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, दतिया और भिंड में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा सतना, उमरिया, जबलपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, दतिया और भिंड जिले में तीव्र शीतल दिन रहने का अनुमान हैं. साथ ही सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सागर, शिवपुरी, ग्वालियर और मुरैना में कोल्ड-डे रहने के आसार जताए गए हैं. इन सभी जिलों के साथ-साथ प्रदेशभर में घना कोहरा भी छाया रह सकता है.