MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम लगातार करवट ले रहा है. एक तरफ कड़कड़ाती ठंड लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. तो वहीं सर्द हवाओं के साथ प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश ने भी कहर बरपा रखा है. प्रदेश में बीते कुछ दिनों से कोहरे के साथ बारिश और कड़कड़ाती ठंड पड़ रही है.
फिलहाल, इस ठंड से राहत मिलने के आसार तो नज़र नहीं आ रहे हैं. अमूमन जनवरी के आखिरी सप्ताह तक ठंड धीरे-धीरे कम होने लगती है, लेकिन इस बार सर्दी का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है. सुबह और रात के समय घने कोहरे व सर्द हवाओं के कारण ठंड कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही है.
MP में इन जगहों पर तेजी से लुढ़का पारा-
मौसम विभाग ने अनुमान जताया कि 26 जनवरी के बाद सर्दी इससे भी अधिक बढ़ सकती है. हालांकि, इससे पहले ही 24 जनवरी की रात एमपी के छतरपुर जिले में पारा लुढ़कर 0 डिग्री के करीब पहुंच गया. वहीं, बिजावर में 0.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.
इसके अलावा शाजापुर के गिरवर में 2.5 डिग्री, अशोकनगर के आंवरी में 3.1 डिग्री, सीहोर में 3.4 डिग्री और सतना में 3.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट-
मौसम विभाग ने सतना और सागर जिले में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. वहीं, खंडवा, खरगोन, सिवनी, छतरपुर और भिंड जिले में शीतल दिन रहने का अनुमान जताया है. मौसम विभाग के मुताबिक, ग्वालियर, दतिया, भिंड, रीवा, मऊगंज और छतरपुर में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा छाने का अनुमान है. इन जगहों पर कोहरे की वजह से दृश्यता घटकर 50 मीटर के करीब रह सकती है.
मौसम विभाग से जुड़े विशेषज्ञों की मानें तो 25 जनवरी को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है. जिसके असर से एक बार फिर मौसम करवट लेगा और ग्वालियर-चंबल इलाके में बारिश हो सकती है. साथ ही 5 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान वाले स्थानों पर पाला पड़ने के आसार हैं, जिससे फसलों को भारी नुकसान हो सकता है.