कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव एम्स में अभी भी वेंटिलेटर पर हैं। उनकी हालत में मामूली सुधार हुआ है। उनकी बॉडी में मूवमेंट भी बढ़ रहा है। डॉक्टर्स के मुताबिक राजू श्रीवास्तव को होश में आने में अभी भी लगभग एक सप्ताह का समय लग सकता है।

राजू श्रीवास्तव के मैनेजर नयन सोनी ने बताया कि ट्रीटमेंट का असर राजू पर दिखने लगा है और उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। राजू श्रीवास्तव के शरीर के कुछ हिस्से में मूवमेंट होने लगा है। 

इससे पहले राजू श्रीवास्तव के करीबी और अभिनेता शेखर सुमन ने भी कुछ ऐसा ही बताया था। उन्होंने ट्वीट किया था कि ‘अच्छी खबर , राजू ने अपनी उंगलियां और कंधे मूव किए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक ये एक अच्छा संकेत है। आपकी दुआ काम कर रही है…दुआ करते रहिए।' 

गौरतलब है कि बीते बुधवार सुबह वर्कआउट के दौरान राजू को दिल का दौरा पड़ा था। जिम में ट्रेडमिल पर उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी। दिल का दौरा पड़ने के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहाँ राजू श्रीवास्तव को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।