मप्र विधानसभा का मानसून सत्र मंगलवार से शुरू हो गया। पहले दिन विधानसभा के बाहर सुबह-सुबह से ही कांग्रेसी विधायकों ने लहसुन की बोरियां लेकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर विधायक और पूर्सव कृषि मंत्री सचिन यादव ने आरोप लगाया कि किसानों को अपनी उपज का दाम एक रुपए मिल रहा है, जिसकी वजह से उन्हें अपनी फसल सड़कों पर फेंकनी पड़ रही है। 

उन्होंने कहा कि किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को बंद किया जा रहा है। सरकार विधायक तो खरीद रही है लेकिन किसानों को अपनी उपज की लागत तक नहीं मिल पा रही है। इस दौरान विधायक जीतू पटवारी, पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव, पूर्व मंत्री लाखन यादव, कुणाल चौधरी मौजूद रहे।

वहीं विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नव निर्वाचित  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिनंदन किया साथ ही दिवंगत शख्सियतों को  श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सदन की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई। 

विधानसभा सत्र के एन पहले सोमवार को कांग्रेस और भाजपा के विधायक दलों की बैठकें हुईं। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कारम डैम, पोषण आहार पर सीएजी की रिपोर्ट, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी... जैसे मामलों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की गई।

वहीं, सीएम हाउस में  भी देर रात तक चली बीजेपी विधायक दल की बैठक में विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की बात कही गई। महिला बाल विकास विभाग के पीएस अशोक शाह ने पोषण आहार को लेकर सीएजी की प्रारंभिक रिपोर्ट को लेकर विधायकों के सामने जवाब दिए। वहीं आज सरकार की तरफ से चार अध्यादेश सदन में पेश किए जाएंगे। सत्र के पहले दिन पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सदन में मौजूद नहीं रहेंगे। बताया जा रहा है, कि कमलनाथ इंदौर और आगर-मालवा जिले के दौरे पर रहेंगे।